रायपुर में झपट्टा मारकर मोबाइल लूटने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। राजधानी में झपट्टा मारकर मोबाइल और दस्तावेज लूटने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रार्थी अमरकांत सिन्हा ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके ट्रैवलर्स स्टाफ के हेल्पर भूपेन्द्र निषाद और ड्राइवर मोहन शर्मा 20 अप्रैल की रात कुशालपुर-चंगोराभाठा ओवरब्रिज के पास पैदल जा रहे थे। इसी दौरान 3-4 अज्ञात युवकों ने उन्हें रोककर मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, श्रम कार्ड सहित अन्य दस्तावेज झपट्टा मारकर छीन लिए और फरार हो गए।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर डीडी नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साथ ही मुखबिरों और तकनीकी विश्लेषण की मदद से आरोपियों की पहचान की।
जांच के बाद पुलिस ने हिमांशु खापरे उर्फ गगन (18), पंकज साहू (19) और दो विधि के साथ संघर्षरत नाबालिगों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार एक नाबालिग पहले भी मारपीट के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह जा चुका है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।