नहर में बहे 3 बच्चे: 14 वर्षीय मासूम की मौत, एक गंभीर

Follow Us

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के भाटापारा क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नहर में नहाने गए तीन बच्चे तेज बहाव में बह गए। इस हादसे में एक 14 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है और तीसरे को सुरक्षित बचा लिया गया। मृतक की पहचान ब्लेसन डीगल उर्फ रिहान के रूप में हुई है, जो ओडिशा के कंदामाल जिले का रहने वाला था। वह गर्मी की छुट्टियां मनाने अपने रिश्तेदार के घर शांति नगर आया हुआ था।

बताया जा रहा है कि, रिहान अपने दो दोस्तों के साथ भाटापारा की मुख्य शाखा नहर में नहाने गया था, तभी अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और तीनों उसमें बह गए। स्थानीय लोगों ने बच्चों की चीख-पुकार सुनकर तुरंत रेस्क्यू शुरू किया और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दो बच्चों को नहर से बाहर निकाला, लेकिन रिहान की जान नहीं बचाई जा सकी। दूसरे घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।