धमतरी। कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रहे रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में धमतरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। गांधी मैदान के पास बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ देर तक हल्की नोकझोंक की स्थिति बनी रही। हालांकि, बाद में मामला शांत हो गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जांच एजेंसियों की कार्रवाई निष्पक्ष होनी चाहिए और राजनीतिक दबाव में नहीं होनी चाहिए।
धमतरी जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, पूर्व विधायक लेखराम साहू सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

