‘रन फॉर ग्रीन’ में युवाओं का जोश, 200 से ज्यादा वालेंटियर्स ने दिया हरित कोरबा का संदेश

Follow Us

कोरबा। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से कोरबा में आयोजित ‘रन फॉर ग्रीन मैराथन’ में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। माय भारत युवा कार्यक्रम के तहत 200 से अधिक यूथ वालेंटियर्स ने दौड़ और पौधरोपण अभियान में भाग लेकर लोगों को प्रकृति बचाने का संदेश दिया। जिला प्रशासन और नगर पालिक निगम कोरबा की ओर से 18 जुलाई 2026 को घंटाघर मैदान और डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन में युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह के नेतृत्व में विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शासकीय ईवीपीजी कॉलेज, शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कमला नेहरू महाविद्यालय सहित कई शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं अभियान से जुड़े। मैराथन और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से युवाओं ने अधिक से अधिक पेड़ लगाने, पर्यावरण बचाने और हरित कोरबा बनाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि, इस पहल का उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और समाज में हरियाली के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।