कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर (छत्तीसगढ़)
रायपुर। डिजिटल पुस्तकालय तथा ई-संसाधनों के प्रभावी उपयोग विषय पर तीन दिवसीय कार्यशाला 14 से 16 अक्टूबर 2026 तक केटीयु रायपुर के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग में आयोजित हो रही है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को ई-संसाधनों के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल पुस्तकालयों और ऑनलाइन अकादमिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग के लिए प्रशिक्षित करना है।
कार्यशाला के प्रथम दिवस के मुख्य वक्ता प्रवीण कुमार देवांगन ने डेलनेट नेटवर्क, सर्वर, ई-रिसोर्स एडवांटेज, आटोमेशन, डिजिटल पुस्तकालयों तथा ई-संसाधन प्लेटफॉर्म के विभिन्न ओपन एवं कमर्शियल साफ्टवेयर, कोहा, न्यू जेन लीब साफ्टवेयर के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी। द्वितीय दिवस के मुख्य वक्ता डॉ. मोहम्मद नासिर, कलिंगा विश्विद्यालय, नया रायपुर ने विभिन्न एआई टूल्स के साफ्टवेयर, उपयोग, रिस्क और एआई के दुष्परिणामों का प्रशिक्षण विद्यार्थियों को दिया।
कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मोहंती ने पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के बदलते स्वरूप, डिजिटल तकनीक तथा आधुनिक पुस्तकालयों में ई-संसाधनों की बढ़ती भूमिका पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में पुस्तकालय केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ज्ञान एवं सूचना उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यशाला का संचालन डॉ. नीति ताम्रकार ने किया। इसमें सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

