रायपुर। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सरोना क्षेत्र से अवैध रूप से शराब बेच रही एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 105 पौवा देशी शराब बरामद की गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सरोना स्थित शक्ति घाट के पास एक महिला अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रही है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला को पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान नेहा कण्डरा (24) निवासी सरोना, थाना डी.डी. नगर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास रखी बोरी से 105 पौवा देशी शराब बरामद हुई। शराब रखने और बेचने संबंधी वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10,500 रुपये मूल्य की शराब जब्त की है। मामले में थाना डी.डी. नगर में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
