शराब के विवाद में पत्नी की हत्या, शव से लिपटकर रोता रहा पति; कोरबा में आरोपी हिरासत में

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी और बाद में पत्नी के शव से लिपटकर रोता रहा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना उरगा थाना क्षेत्र के भैसामुड़ा गांव की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी रोजी-मजदूरी का काम करते थे और पिछले कुछ दिनों से रिश्तेदार के गांव में रह रहे थे। उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान बची हुई शराब को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि नशे की हालत में पति ने गुस्से में पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। शोर सुनकर एक बुजुर्ग मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ भी कथित तौर पर धक्का-मुक्की की। बाद में आरोपी ने गांव के लोगों को घटना की जानकारी दी।

मृतका की पहचान 32 वर्षीय अगहन बाई धनवार के रूप में हुई है। सोमवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति परदेसी धनवार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।