एंटीगुआ। क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए अपनी 15 सदस्यीय मजबूत टीम की घोषणा कर दी है। साल 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप के रोडमैप को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने स्टार बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर की टीम में वापसी कराई है, जो तीसरे मैच से पहले टीम से जुड़ेंगे। इसके साथ ही जुलाई 2025 से पीठ की चोट के कारण बाहर चल रहे रफ्तार के सौदागर अल्जारी जोसेफ की वापसी से टीम की गेंदबाजी बेहद मजबूत नजर आ रही है। चोट से उबर चुके स्पिनर गुडाकेश मोती को भी टीम में जगह दी गई है। शाई होप की कप्तानी वाली यह कैरेबियाई टीम 3 से 8 जून तक जमैका के सबीना पार्क में श्रीलंका से लोहा लेगी।
टीम के हेड कोच डैरेन सैमी ने श्रीलंका को एक बेहद अनुशासित और मजबूत प्रतिद्वंदी बताया है। सैमी ने कहा कि यह सीरीज हमारी टीम के लिए अपने खेल का स्तर ऊंचा करने और अपनी दमदार पहचान बनाने का एक शानदार मौका है। हमारा लक्ष्य केवल एक खिलाड़ी पर निर्भर रहने के बजाय सामूहिक प्रयास से निडर और समझदारी भरा क्रिकेट खेलना है। कोच ने साफ किया कि वह अपने घरेलू मैदान को एक ऐसा अभेद्य किला बनाना चाहते हैं, जहां किसी भी विदेशी टीम के लिए जीतना नामुमकिन हो। वनडे सीरीज के तुरंत बाद दोनों टीमों के बीच जमैका में तीन टी20 मैच और एंटीगुआ में दो टेस्ट मुकाबले भी खेले जाएंगे।
