मुंबई। अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का धमाकेदार ट्रेलर वाईआरएफ (YRF) स्टूडियो में आयोजित एक भव्य इवेंट में लॉन्च कर दिया गया है। ‘वेलकम’ फ्रैंचाइजी की इस तीसरी किस्त ने अपनी भारी-भरकम स्टार कास्ट और अनोखी कहानी से दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया है। अक्षय कुमार ने खुद सोशल मीडिया पर इसे शेयर करते हुए लिखा, “टेंशन दूर, जंगल का पागलपन शुरू। आपकी सारी चिंताएं दूर करने के लिए आ गया है जबरदस्त स्ट्रेस-बस्टर।”
4 मिनट 10 सेकंड का यह लंबा ट्रेलर कॉमेडी, कन्फ्यूजन और बेहिसाब अफरातफरी से भरा हुआ है। ट्रेलर की शुरुआत इसे भारत की पहली ‘2000 करोड़ी फेक फिल्म’ बताने से होती है, जिसके बाद पूरी कास्ट का एक मजेदार इंट्रोडक्शन सॉन्ग आता है। फिल्म में अक्षय कुमार एक ऐसे हीरो के रोल में हैं जो कभी टॉप पर था, लेकिन अब फ्लॉप हो चुका है। कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब परेश रावल और उनकी टीम एक आर्मी पर आधारित फिल्म बनाने के लिए एक गांव पहुंचती है। गांव के सीधे-साधे लोगों को लगता है कि यह असली सेना है जो उन्हें डाकुओं से आजाद कराने आई है। इसके बाद जैकी श्रॉफ खतरनाक विलेन के रूप में एंट्री लेते हैं और असली-नकली के चक्कर में जबरदस्त कॉमेडी की शुरुआत होती है।
ट्रेलर का सबसे बड़ा आकर्षण अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल का सालों बाद एक साथ स्क्रीन शेयर करना है, जो फैंस को ‘हेरा फेरी’ की आइकॉनिक तिकड़ी की याद दिलाता है। इसमें पुरानी फिल्म के ‘मजनू भाई की पेंटिंग’ वाले सीन की झलक भी है। अहमद खान के निर्देशन में बनी इस मल्टीस्टारर फिल्म में रवीना टंडन, दिशा पटानी, जैकलीन फर्नांडीस, लारा दत्ता, अरशद वारसी और राजपाल यादव जैसे कई बड़े सितारे नजर आएंगे। यह फिल्म 26 जून, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है।
