रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दक्षिणी हिस्सों में बारिश हो रही है, जबकि मध्य क्षेत्रों में सुबह हल्की ठंडक के बाद दिन में गर्मी महसूस की जा रही है। रायपुर में लगातार तीसरे दिन प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ में नमी के प्रवेश के कारण अगले चार दिनों तक कुछ स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात और हल्की बारिश होने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में 18 अक्टूबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है, हालांकि दोपहर या शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान पत्थलगांव और कुनकुरी में 3-3 सेंटीमीटर, जबकि भैरमगढ़ में 1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई है। अगले कुछ दिनों तक दक्षिणी इलाकों में मौसम का ऐसा ही मिजाज बने रहने की संभावना है।
