सिलाई मशीन से ‘लखपति दीदी’ बनीं विशाखा मंडल, 30 हजार के लोन से खड़ी की सफलता की कहानी

Follow Us

रायपुर। सीमित संसाधनों के बीच संघर्ष करने वाली बलरामपुर जिले के ग्राम राधा कृष्ण नगर की श्रीमती विशाखा मंडल आज ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुकी हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत ‘जाग्रति महिला स्व सहायता समूह’ से जुड़ना उनके जीवन का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। समूह के माध्यम से मिले 30 हजार रुपये के ऋण से विशाखा ने सिलाई मशीन और सामग्री खरीदकर सवनी मोड़ महाराजगंज में एक छोटी-सी लेडीज टेलर की दुकान शुरू की। अपनी कड़ी मेहनत और हुनर के दम पर पिछले ढाई वर्षों में उन्होंने इलाके में एक खास पहचान बना ली है। त्योहारों और शादियों के सीजन में विशाखा की दैनिक कमाई 3,000 रुपये तक पहुंच जाती है। आज उनकी वार्षिक आय लगभग डेढ़ लाख रुपये है, जिसके चलते वे क्षेत्र में ‘लखपति दीदी’ के रूप में पहचानी जा रही हैं। विशाखा अब न सिर्फ अपने परिवार की आर्थिक कमान संभाल रही हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं को भी स्व सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।