चेन्नई । तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने विजय के मुख्यमंत्री बनने और सरकार गठन का रास्ता शनिवार को पूरी तरह साफ हो गया है. विजय ने शनिवार शाम तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात करके उन्हें 120 विधायकों के समर्थन वाला पत्र सौंपा. इसके बाद राज्यपाल ने विजय की पार्टी टीवीके को तमिलनाडु में सरकार गठन की हरी झंडी दे दी. इसके साथ ही चार दिनों से जारी राजनीतिक असमंजस खत्म हो गया. तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके के नेतृत्व वाली नई सरकार का शपथ ग्रहण कल होगा. राज्यपाल ने नामित मुख्यमंत्री विजय को 13 मई 2026 या उससे पहले विधानसभा में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया है. अभिनेता से राजनेता बने विजय कल सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. राहुल गांधी कल चेन्नई में विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. सूत्रों के मुताबिक, विजय शपथ ग्रहण का समय बदलवाना चाहते थे, लेकिन उनके ज्योतिषी ने सुबह 10 बजे का समय शुभ बताया. बताया जा रहा है कि इसी वजह से राज्यपाल के साथ उनकी बैठक करीब दो घंटे तक चली.
इस दौरान विजय लगातार अपने ज्योतिषी से फोन पर संपर्क में थे. इससे पहले विजय लगातार तीन दिनों तक राज्यपाल से मुलाकात के बावजूद सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 विधायकों का समर्थन नहीं दिखा पाए थे. बहुमत के लिए विधायकों की संख्या पूरी नहीं होने के चलते उन्हें राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर की ओर सरकार गठन का न्योता नहीं मिला था.
विजय की ताजपोशी कल, राज्यपाल ने दी हरी झंडी
