वेदांता प्लांट हादसा: धमाके से दहला इलाका, कई मजदूर घायल

Follow Us

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक बेहद खौफनाक खबर सामने आई है, जहाँ डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में आज अचानक बॉयलर फटने से भीषण तबाही मच गई। यह हादसा इतना भयावह था कि, इसकी गूँज दूर-दूर तक सुनाई दी और पल भर में पूरा प्लांट परिसर चीख-पुकार से गूँज उठा। इस दर्दनाक घटना में मौके पर ही 3 मजदूरों की जान चली गई, जबकि दो दर्जन से अधिक श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए हैं। धमाका उस वक्त हुआ जब प्लांट में काम सामान्य रूप से चल रहा था, तभी अचानक बॉयलर में तकनीकी खराबी के कारण जबरदस्त विस्फोट हो गया।

विस्फोट के बाद प्लांट में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और चारों ओर धुएं का गुबार छा गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें भारी दलबल के साथ मौके पर पहुँचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। घायल मजदूरों को आनन-फानन में एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों और बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है।

चिकित्सकों के अनुसार, कई घायलों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और इस बात की जांच की जा रही है कि, क्या सुरक्षा मानकों में कोई बड़ी लापरवाही बरती गई थी। फिलहाल, प्लांट में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है और परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।