रायपुर। वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। हादसे में चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत 19 लोगों पर दर्ज एफआईआर को लेकर विपक्ष और सत्ता पक्ष आमने-सामने हैं। इस मामले पर डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। विजय शर्मा ने कहा कि, एफआईआर दर्ज हो चुकी है और यह एक गंभीर हादसा है। उन्होंने पूर्व CM भूपेश बघेल के सोशल मीडिया पोस्ट पर पलटवार करते हुए कहा कि, “एफआईआर ऑनलाइन होती है, लिंक बता दीजिए तो वे खुद देख लें।” उन्होंने यह भी दावा किया कि, मामले को लेकर किसी तरह की गड़बड़ी या छुपाने की स्थिति नहीं है।
दरअसल, भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में सरकार पर आरोप लगाया था कि, एफआईआर को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा और कंपनी के खिलाफ कार्रवाई में पारदर्शिता नहीं है। उन्होंने वेदांता कंपनी के पुराने मामलों का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर लीपापोती के आरोप भी लगाए थे। इसी बीच डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कहा कि, यह देश की आधी आबादी को 33% आरक्षण देने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने विपक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो इसका विरोध करता है, उसे देश की मातृशक्ति को जवाब देना चाहिए। नक्सलवाद के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने दावा किया कि, बस्तर अब तेजी से बदल रहा है और विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि, “पूरा बस्तर नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है” और अब गांव-गांव तक विकास योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं। वहीं बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने भरोसा जताया कि, इस बार भाजपा सरकार बनाएगी और जनता बदलाव के लिए तैयार है।
