उत्तराखंड की पहली बड़ी उड़ान: इराक पहुंची फ्रोजन फ्रेंच फ्राइज की पहली खेप, किसानों को मिलेगा नया बाजार

Follow Us

नई दिल्ली/काशीपुर। उत्तराखंड के कृषि उत्पादों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान बनाई है। राज्य के उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर से पहली बार इराक के लिए 24 मीट्रिक टन फ्रोजन फ्रेंच फ्राइज की खेप रवाना की गई। यह निर्यात एपीडा के सहयोग से किया गया, जिससे राज्य के मूल्यवर्धित कृषि उत्पादों को वैश्विक मंच मिला है। वीरुन ग्लोबल ट्रेड प्राइवेट लिमिटेड द्वारा भेजी गई इस पहली खेप को भारत के प्रसंस्कृत खाद्य निर्यात क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। कंपनी को उम्मीद है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय उत्पादों की बढ़ती मांग के चलते भविष्य में नए व्यापारिक अवसर मिलेंगे।

एपीडा ने निर्यातकों को वैश्विक खरीदारों से जोड़ने के लिए कई अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलों में भागीदारी को बढ़ावा दिया है। इससे कृषि आधारित उद्योगों को विदेशी बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिली है। अधिकारियों के अनुसार, उत्तराखंड में प्रसंस्कृत खाद्य उद्योग के विस्तार से किसानों और किसान उत्पादक संगठनों को बेहतर बाजार मिलने की संभावना है। एपीडा राज्य सरकार के साथ मिलकर निर्यात सुविधाओं को मजबूत करने और परिवहन लागत कम करने पर काम कर रहा है। इस पहल से न केवल किसानों की आय बढ़ने की उम्मीद है, बल्कि उत्तराखंड की पहचान कृषि निर्यात के क्षेत्र में भी मजबूत होगी।