अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सोनोग्राफी सुविधा प्रभावित होने को लेकर मरीजों और उनके परिजनों का आक्रोश सामने आया है। अस्पताल परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लोग लंबे समय से सोनोग्राफी नहीं होने की शिकायत करते दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन और रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध होने के बावजूद कई दिनों से मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है। इससे हर दिन बड़ी संख्या में पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वायरल वीडियो में कुछ मरीजों ने आरोप लगाया कि वे लगातार कई दिनों से अस्पताल के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी सोनोग्राफी नहीं हो सकी। किसी ने तीन दिन से तो किसी ने एक सप्ताह से जांच नहीं होने की बात कही। इसी दौरान सामने आए वीडियो में एक महिला डॉक्टर मोबाइल से वीडियो बनाने से रोकने की कोशिश करती हुई भी नजर आती हैं। इस घटना को लेकर भी अस्पताल में चर्चा का माहौल है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल अधीक्षक डॉ. रमेश आर्य ने संबंधित विभागाध्यक्ष को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, अस्पताल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। वहीं, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
