रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के बीच कोरोना संक्रमण के दो नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक रायपुर और राजनांदगांव जिले में एक-एक कोरोना संक्रमित मरीज की पहचान हुई है। नए मामले मिलने के बाद विभाग ने निगरानी और संपर्क में आए लोगों की पहचान शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर में संक्रमित पाए गए मरीज का उपचार होम आइसोलेशन में किया जा रहा है, जबकि राजनांदगांव में चिन्हित मरीज अस्पताल में भर्ती है। दोनों मरीजों की कोरोना प्रोटोकॉल के तहत निगरानी की जा रही है। विभाग ने संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की पहचान शुरू कर दी है। मरीजों के परिजनों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतने और तत्काल जांच कराने की अपील की है। विभाग ने विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने, बीमारी के लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने और संक्रमण से बचाव के लिए कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा है। स्वास्थ्य विभाग प्रदेश में संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
