रायपुर। राजधानी रायपुर में मोबाइल हैक कर बैंक खातों से करीब 3.94 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को पुलिस ने झारखंड के बोकारो से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक किया और यूको बैंक व एक्सिस बैंक खातों से कई किश्तों में रकम निकाल ली थी।
पुलिस के अनुसार, डीडी नगर निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु दत्त बघेल ने थाना डीडी नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल पर कई संदिग्ध मैसेज आए। मैसेज खोलने के बाद उनके यूको बैंक और एक्सिस बैंक खातों से लगातार ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने लगे। 8 से 10 नवंबर 2025 के बीच उनके खातों से कुल 3,94,000 रुपये की अनधिकृत निकासी कर साइबर ठगी की गई।
प्रकरण में थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 186/26 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं 66(D) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना डीडी नगर की संयुक्त टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और इलेक्ट्रॉनिक डेटा का गहन विश्लेषण किया गया।
तकनीकी जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन बोकारो (झारखंड) में मिली। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और लगातार अभियान चलाकर दो आरोपियों
विशाल कुमार सिंह (26) और महेश प्रसाद सिंह (34) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक करने और बैंक खातों से ऑनलाइन रकम निकालकर साइबर ठगी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक चेक बुक और 2,000 रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि साइबर ठगी गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा सके। साथ ही आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल उपकरणों और सोशल मीडिया आईडी का विश्लेषण कर देश के अन्य राज्यों में की गई संभावित साइबर ठगी की घटनाओं का भी पता लगाया जा रहा है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
