ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, गुस्साई भीड़ ने किया चक्काजाम

Follow Us

कटघोरा । कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बांकीमोंगरा के चांदनी चौक के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक ट्रेलर के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग और परिजन जुट गए। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते रोंगा-बांकीमोंगरा मार्ग पर कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। चक्काजाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अमरदीप आंचल और बांकीमोंगरा थाना प्रभारी जितेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।


Read more :- ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत जागरूक हुए विद्यार्थी


ग्रामीणों ने चांदनी चौक पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए स्पीड ब्रेकर लगाने, तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण करने और यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक है और तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और ट्रेलर चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।