त्विषा शर्मा केस: सीबीआई कोर्ट में आरोपियों की पेशी, ‘स्त्रीधन’ की जब्ती और मूल्यांकन की तैयारी तेज

Follow Us

नई दिल्ली। मॉडल और अभिनेत्री त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के हाईप्रोफाइल मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मंगलवार दोपहर पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को विशेष अदालत में पेश किया। चौंकाने वाली बात यह रही कि पांच दिनों की शुरुआती पूछताछ के बाद सीबीआई ने इस बार आरोपियों की रिमांड बढ़ाने की मांग नहीं की।

ज्ञात हो कि बीती 12 मई को त्विषा शर्मा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी। हिरासत के दौरान एजेंसी ने मृतका की सास गिरिबाला और पति समर्थ से लंबी पूछताछ की है। हालांकि, माना जा रहा है कि साजिश की कड़ियों को पूरी तरह जोड़ने के लिए आने वाले दिनों में समर्थ को दोबारा रिमांड पर लेने की जरूरत पड़ सकती है।

इस बीच, सीबीआई ने अपनी तफ्तीश का दायरा बढ़ाते हुए शादी के वक्त त्विषा को मिले सोने के उपहारों (स्त्रीधन) को जब्त करने की कानूनी तैयारी शुरू कर दी है। इन जेवरातों की शुद्धता और मौजूदा बाजार कीमत का सटीक मूल्यांकन करने के लिए एक जौहरी (सर्राफ) को भी तलब किया गया है। सीबीआई इस जब्ती को केस डायरी में दहेज प्रताड़ना और अहम वित्तीय साक्ष्य के रूप में शामिल करेगी।