‘बिग बॉस 20’ में शुरू हुआ घमासान, अरिश्फा-आम्रपाली की भिड़ंत से बढ़ा तनाव; मैरी कॉम हुईं भावुक

Follow Us

मुंबई। ‘बिग बॉस 20’ शुरू हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन घर में विवादों का सिलसिला तेज होता नजर आ रहा है। नए प्रोमो में अरिश्फा खान और आम्रपाली दुबे के बीच किसी बात को लेकर बहस बढ़ती दिखाई दी। अरिश्फा को ‘बच्ची’ कहे जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अपनी समझदारी का हवाला दिया। आम्रपाली ने भी पलटकर जवाब दिया, जिसके बाद बातचीत तीखी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों एक-दूसरे के सामने आ गईं। अरिश्फा ने आम्रपाली को ‘हिपोक्रेट’ कहा, जिसके बाद माही विज भी बहस में शामिल होती नजर आईं।

दूसरी ओर, शो के एक प्रोमो में मैरी कॉम अपने जीवन के संघर्षों को याद करते हुए भावुक नजर आईं। बातचीत के दौरान उन्होंने उन लोगों पर अपनी नाराजगी जाहिर की, जो किसी दूसरे की सफलता में अपना योगदान बताने लगते हैं। मैरी कॉम ने कहा कि अपने मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने बेहद कठिन परिस्थितियों में लगातार मेहनत की और रिंग में संघर्ष भी खुद झेला। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम लेकर बात नहीं की। घर में कप्तानी की दावेदारी को लेकर भी माहौल गरम दिखाई दे रहा है। प्रोमो में काजी तौकीर और डीएसए भिड़े उर्फ हर्ष मचारे के बीच कप्तानी टास्क के दौरान जोरदार बहस होती दिखी। इससे पहले काजी तौकीर की अरिश्फा खान के साथ भी कहासुनी सामने आ चुकी है। ऐसे में शो के शुरुआती दौर में ही कई कंटेस्टेंट्स के बीच तनाव बढ़ता दिखाई दे रहा है।

वहीं अभिनेता आसिफ खान ने घरवालों के सामने अपने नाना से जुड़ी एक भावुक याद साझा की। उन्होंने बताया कि उनकी पहली फिल्म को लेकर उनके नाना काफी उत्साहित थे और उसे दोस्तों के साथ सिनेमाघर में देखने की योजना बना रहे थे। लेकिन फिल्म रिलीज होने से करीब चार महीने पहले उनका निधन हो गया। आसिफ ने कहा कि उन्हें इस बात का अफसोस है कि वह अपने नाना को अपना काम नहीं दिखा सके। उन्होंने भावुक होकर कहा कि अगर आज उनके नाना उन्हें ‘बिग बॉस’ के घर में देख रहे होते तो यह उनके लिए बेहद खास पल होता।