ट्रंप का सीजफायर बढ़ाने का दांव, तेहरान का सख्त जवाब-“हारने वाले नहीं तय करेंगे शर्तें”

Follow Us

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर खत्म होने से पहले इसे आगे बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। बुधवार सुबह ट्रंप ने कहा कि, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर की अपील पर यह फैसला लिया गया है, ताकि कूटनीतिक बातचीत को समय मिल सके। ट्रंप के मुताबिक, ईरान के अंदर फिलहाल नेतृत्व में एकरूपता नहीं है, ऐसे में हमला रोककर बातचीत का रास्ता खुला रखना जरूरी है। उन्होंने अमेरिकी सेना को फिलहाल हमले रोकने का निर्देश दिया है, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि, सैन्य तैयारी और दबाव की रणनीति- जैसे नाकेबंदी- जारी रहेगी।

ट्रंप ने कहा कि, यह सीजफायर तब तक प्रभावी रहेगा, जब तक ईरान कोई ठोस और एकजुट प्रस्ताव सामने नहीं रखता। हालांकि, ईरान ने इस कदम को सिरे से खारिज कर दिया है। तेहरान का कहना है कि, यह एकतरफा घोषणा है और वह अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर ही निर्णय लेगा। ईरानी संसद से जुड़े सलाहकार महदी मोहम्मदी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, “हारने वाले शर्तें नहीं तय करते,” जिससे साफ है कि, ईरान फिलहाल किसी दबाव में झुकने को तैयार नहीं। इस बीच,शहबाज शरीफ ने ट्रंप के फैसले का स्वागत करते हुए धन्यवाद जताया और कहा कि पाकिस्तान बातचीत के जरिए समाधान की दिशा में प्रयास जारी रखेगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वार्ता का अगला दौर जल्द आयोजित किया जाएगा।