शहीदों को श्रद्धांजलि: पहलगाम अटैक की बरसी पर PM मोदी का बड़ा बयान- “आतंक के आगे नहीं झुकेगा भारत”

Follow Us

पहलगाम। 22 अप्रैल 2025 की वो काली दोपहर आज भी हर भारतीय के जहन में ताजा है, जब आतंकियों ने बैसरन घाटी में निर्दोष पर्यटकों के खून से होली खेली थी। आज इस कायरतापूर्ण हमले की पहली बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के शीर्ष नेतृत्व ने जान गंवाने वाले 26 निर्दोषों को भावुक श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि, भारत आतंक के आगे कभी नहीं झुकेगा। उन्होंने कहा कि, शोक संतप्त परिवारों के साथ पूरा देश खड़ा है और शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि, भारत का जवाब अब ‘सख्त और निर्णायक’ है। सीमा पार आतंक को अब उसी की भाषा में जवाब दिया जा रहा है। बैसरन में उन 26 मासूमों की याद में एक स्मारक स्थापित किया गया है, जो स्थानीय नागरिकों और प्रशासन के लिए न्याय की लड़ाई का प्रतीक बन गया है।

सेना का ‘ऑपरेशन महादेव’: इंसाफ की जीत
हमले का बदला लेने के लिए भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन महादेव’ के जरिए आतंकियों को पाताल से भी ढूंढ निकाला। बेहद दुर्गम इलाकों में 93 दिनों तक चले इस सर्च ऑपरेशन के बाद 3 खूंखार आतंकियों को ढेर कर दिया गया। सेना ने सोशल मीडिया पर सख्त लहजे में कहा- “न्याय मिलकर रहेगा, समझौता नामंजूर।”

सेना की वर्दी में आए आतंकियों ने पर्यटकों के परिचय पत्र देखने के बाद उन पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। पुलवामा के बाद यह राज्य का सबसे बड़ा हमला था। इसके जवाब में सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया, जो पाक-अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त करने के लिए आज भी जारी है। गृह मंत्री अमित शाह ने दोहराया कि, भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति आतंक को जड़ से मिटाकर ही दम लेगी।