भारत पर फिर ‘टैरिफ बम’ फोड़ने की तैयारी में ट्रंप, 12.5% तक भारी-भरकम टैक्स लगाने का प्रस्ताव

Follow Us

वॉशिंगटन/नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्यापार मोर्चे पर भारत को एक बार फिर बड़ा झटका देने की तैयारी में हैं। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने भारत और चीन समेत दुनिया की 60 अर्थव्यवस्थाओं के खिलाफ नए और भारी-भरकम टैरिफ (आयात शुल्क) लगाने का प्रस्ताव रखा है। इस नए प्रपोजल के तहत भारत से आने वाले सामानों पर न्यूनतम 10 फीसदी से लेकर 12.5 फीसदी तक टैरिफ लगाया जा सकता है। यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Trade Deal) को लेकर बातचीत चल रही है, जिससे इस डील पर गहरा असर पड़ सकता है।

दरअसल, USTR ने 1974 के अमेरिकी व्यापार कानून की धारा 301 के तहत 12 मार्च से एक जांच शुरू की थी। इस जांच का निष्कर्ष है कि भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ब्राजील और स्विट्जरलैंड जैसे देशों ने कथित तौर पर ‘जबरन श्रम’ (फोर्स्ड लेबर) से तैयार होने वाली वस्तुओं के आयात पर प्रभावी प्रतिबंध नहीं लगाया है। अमेरिका का मानना है कि इससे कम लागत पर उत्पादन करने वाले देशों को अनुचित लाभ मिलता है और अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंचता है। इस प्रस्तावित लिस्ट में भारत-चीन समेत कई देशों पर 12.5% टैरिफ, जबकि कनाडा, मैक्सिको, ब्रिटेन और यूरोपीय यूनियन पर 10% टैरिफ का सुझाव है। हालांकि, इन मतभेदों के बीच अमेरिका अब भी 120 अरब डॉलर से अधिक के द्विपक्षीय व्यापार के साथ भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना हुआ है।