होर्मुज पर टकराव के बीच बड़ा दावा: ट्रंप बोले-ईरान जंग अब आखिरी दौर में

Follow Us

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने अब एक निर्णायक मोड़ ले लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि, दोनों देशों के बीच चल रही जंग “खत्म होने के बेहद करीब” है। यह बयान ऐसे समय आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिकी नेवी ब्लॉकेड से हालात और गंभीर हो गए हैं। ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि, अगर अमेरिका ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया होता, तो ईरान आज परमाणु शक्ति बन चुका होता, जिससे वैश्विक संतुलन बिगड़ सकता था। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि, स्थिति अभी पूरी तरह नियंत्रण में नहीं है और आगे क्या होगा, यह बातचीत पर निर्भर करेगा। इसी बीच, इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच फिर से शांति वार्ता शुरू होने के संकेत मिले हैं।

इससे पहले 21 घंटे चली बातचीत बिना किसी ठोस नतीजे के खत्म हो गई थी। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा था कि, ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर समझौता करने को तैयार नहीं है। वार्ता विफल होने के बाद अमेरिका ने दबाव बढ़ाते हुए होर्मुज स्ट्रेट के आसपास नौसैनिक घेराबंदी तेज कर दी, जिससे तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर असर पड़ा है। कई जहाजों को रास्ता बदलना पड़ा, जिससे बाजार में चिंता बढ़ गई है। अब पूरी दुनिया की नजर इस बात पर है कि, क्या नई वार्ता तनाव खत्म करेगी या हालात और बिगड़ेंगे।