रायपुर। पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत राजधानी रायपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पौधारोपण के बाद डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि पेड़-पौधे पृथ्वी को हरा-भरा रखने के साथ जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह माँ के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लेना चाहिए। यदि प्रत्येक नागरिक अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त वातावरण दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय , कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
