रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग में ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) जारी करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया गया है। अब यह सेवा सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध होगी। नई व्यवस्था के संचालन और प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए शुक्रवार को प्राचार्यों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्राचार्यों को पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने, उपलब्ध सेवाओं का उपयोग करने और ट्रांसफर सर्टिफिकेट जारी करने की प्रक्रिया समझाई गई। इसका उद्देश्य टीसी जारी करने की प्रक्रिया को अधिक सरल और सुगम बनाना है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से नागरिकों को ट्रांसफर सर्टिफिकेट प्राप्त करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
