बिलासपुर। बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर रतनपुर ओवरब्रिज के पास महिला सुपरवाइजर की दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान झारखंड के गढ़वा निवासी शिवकुमार साव के रूप में हुई है। उसके खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाकर मौत कारित करने का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को रतनपुर ओवरब्रिज के डिवाइडर पर पौधारोपण कार्य चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने वहां मौजूद महिला सुपरवाइजर महिमा कोशले को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रेलर उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद रतनपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी चालक शिवकुमार साव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
