रायगढ़। जिले में दशहरा मेले के दौरान हादसों की खबरें सामने आई हैं। छाल थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वहीं खरसिया के मीना बाजार मेले में आकाश झूले से गिरकर एक युवक की मौत हो गई।
बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई:
पहली घटना छाल थाना क्षेत्र के बेहरामार गांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार बेहरामार निवासी कृष्णा राठिया (15), जितेंद्र राठिया (22), धर्मेंद्र राठिया और कुंदन राठिया एक ही बाइक पर सवार होकर दशहरा मेला देखने छाल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में कृष्णा और जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धर्मेंद्र और कुंदन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को रायपुर रेफर कर दिया।
दुर्ग स्टील प्लांट हादसे में ठेकेदार की मौत, संचालक के खिलाफ मामला दर्ज
पैदल मेले में जा रहे व्यक्ति को बाइक ने मारी टक्कर:
दूसरी घटना में छाल निवासी चंद्रदेव सिंह ठाकुर की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे शाम करीब साढ़े सात बजे अपने परिवार के साथ पैदल मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चंद्रदेव सिंह ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों सड़क दुर्घटनाओं में छाल पुलिस ने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई के बाद आगे की जांच शुरू कर दी है।
मेले में आकाश झूले से गिरा युवक:
इधर दशहरा मेले के दौरान खरसिया में लगे मीना बाजार में भी एक दर्दनाक हादसा हुआ। नकुल निषाद अपने परिवार के साथ मेला घूमने गया था। इसी दौरान आकाश झूले पर झूलते समय वह ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। नकुल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से मेले में मौजूद लोगों और उसके परिवार में शोक का माहौल है।
