वर्धा। महाराष्ट्र के वर्धा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार कार इथेनॉल से भरे टैंकर से टकरा गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कार सवार समेत कुल 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना तड़के करीब 3 बजे विरुल गांव के पास हुई। हादसे में शामिल कार पुणे से वर्धा की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
बताया जा रहा है कि इथेनॉल से भरा टैंकर पहले ही किसी कारण से हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त होकर खड़ा था। इसके बाद ट्रैफिक को दूसरे रास्ते से डायवर्ट किया गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार टैंकर से जा टकराई, जिसके बाद देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की भयावहता के कारण कार पूरी तरह जल गई। मृतकों में कार चालक अंकुश राऊत, राजेश टिपले, जाह्नवी टिपले और सुषमा टिपले शामिल हैं। वहीं, टैंकर चालक संजय कुमार और क्लीनर समरजीत पाल की भी आग में झुलसने से मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और सड़क पर खड़े दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को माना जा रहा है।

