जंतर-मंतर प्रदर्शन: संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका, बैरिकेडिंग के बाद बढ़ा तनाव

Follow Us

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर बढ़ने का प्रयास किया। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात दिल्ली पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार कर संसद की तरफ जाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें मौके पर ही रोक दिया और कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी खबर सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने लाठीचार्ज के दावों से इनकार किया है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत पहले से निषेधाज्ञा लागू थी। इसके चलते पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध था। संसद की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेड लगाए गए थे और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। वहीं, प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बातचीत शुरू होने की जानकारी भी सामने आई है। अधिकारियों ने बताया कि, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और शांतिपूर्ण समाधान के लिए संवाद का प्रयास जारी है।