बिलासपुर। बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला सफाई कर्मी की मौत हो गई। रतनपुर थाना क्षेत्र के छोटू ढाबा के पास सड़क की सफाई और रखरखाव का कार्य कर रही महिमा कोसले (32) को गिट्टी से लदे अनियंत्रित हाईवा (ट्रेलर) ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, भरवीडीह निवासी महिमा कोसले नेशनल हाईवे पर सफाई कार्य में जुटी थीं। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा गिट्टी से लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया और महिला उसके नीचे दब गई।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना के कारण बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे हुए हाईवा को हटवाकर करीब आधे घंटे बाद यातायात बहाल कराया।
