टोविनो थॉमस की ‘पल्लीचट्टम्बी’ अब ओटीटी पर आएगी, 24 जुलाई से सोनी लिव पर होगा प्रीमियर

Follow Us

 मुंबई। मलयालम सिनेमा के मशहूर अभिनेता टोविनो थॉमस की पीरियड एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘पल्लीचट्टम्बी’ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने के लिए तैयार है। सिनेमाघरों में खास प्रदर्शन न कर पाने के बाद अब फिल्म मेकर्स को डिजिटल रिलीज से काफी उम्मीदें हैं। फिल्म का प्रीमियर 24 जुलाई 2026 से सोनी लिव पर किया जाएगा।

डिजिटल प्लेटफॉर्म ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म की ओटीटी रिलीज की जानकारी साझा की है। डिजो जोस एंटनी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में टोविनो थॉमस के अलावा कयाडु लोहर, विजय राघवन और जॉनी एंटनी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन का कैमियो भी देखने को मिलेगा।

1950 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘पल्लीचट्टम्बी’ की कहानी कृष्णा पिल्लई नाम के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी बचपन में हुए एक दर्दनाक हादसे के बाद बदल जाती है। अन्याय के खिलाफ संघर्ष करते हुए वह अपनी पहचान और हक के लिए लड़ाई शुरू करता है। फिल्म में संघर्ष, प्यार और सामाजिक बदलाव की कहानी दिखाई गई है। एस. सुरेश बाबू की लिखी इस फिल्म के संगीत और बैकग्राउंड स्कोर की जिम्मेदारी जेक्स बेजॉय ने संभाली है, जबकि सिनेमैटोग्राफी टीजो टॉमी ने की है।