ब्रेस्ट कैंसर की समय पर पहचान और आधुनिक उपचार सुविधाओं का विस्तार जरूरी : ओपी चौधरी

Follow Us

० ब्रेस्ट कैंसर अपडेट 2026 कॉन्फ्रेंस में बोले वित्त मंत्री, विशेषज्ञों ने आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और व्यक्तिगत उपचार पद्धतियों पर किया मंथन

रायपुर । प्रदेश में कैंसर के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और आधुनिक उपचार सुविधाओं का विस्तार करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारी में समय पर पहचान और सही चिकित्सकीय परामर्श की अहम भूमिका है। महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रोत्साहित करने के साथ आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक मरीजों तक पहुंचाना जरूरी है।

वित्त मंत्री चौधरी रविवार को रायपुर के होटल बेबीलॉन कैपिटल में मित्तल हॉस्पिटल द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलन ‘ब्रेस्ट कैंसर अपडेट 2026Ó के दूसरे दिन के कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंचे थे। ‘एम्पावरिंग द फ्यूचर ऑफ ब्रेस्ट ऑन्कोलॉजीÓ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्तन कैंसर की पहचान, निदान और उपचार की नवीनतम तकनीकों पर विचार-विमर्श किया।

चौधरी ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान में लगातार हो रहे अनुसंधान और तकनीकी प्रगति से कैंसर के उपचार की संभावनाएं बेहतर हुई हैं। इन आधुनिक उपचार पद्धतियों का लाभ मरीजों तक पहुंचाना चिकित्सा जगत की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों के बीच नवीन शोध, अनुभव और उपचार तकनीकों का आदान-प्रदान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सम्मेलन के आयोजन के लिए मित्तल हॉस्पिटल और चिकित्सा विशेषज्ञों की सराहना की।

० आधुनिक सर्जरी और व्यक्तिगत उपचार पर चर्चा
24 और 25 अक्टूबर को आयोजित सम्मेलन में स्तन कैंसर की जांच, निदान, शल्य चिकित्सा, आधुनिक दवाओं और उपचार की नवीनतम पद्धतियों पर वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए गए। विशेषज्ञों ने बीमारी की अवस्था और मरीज की चिकित्सकीय स्थिति के अनुसार उपयुक्त उपचार चुनने पर चर्चा की। इसमें स्तन को सुरक्षित रखते हुए सर्जरी करने की संभावनाओं और व्यक्तिगत उपचार पद्धतियों के माध्यम से बेहतर परिणाम हासिल करने जैसे विषय शामिल रहे।

० शुरुआती पहचान से बेहतर उपचार की संभावना
सम्मेलन में विशेषज्ञों ने स्तन कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समय पर निदान होने से उपचार के बेहतर परिणाम मिलने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। इसके लिए महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने, आवश्यक चिकित्सकीय जांच कराने और किसी भी संदिग्ध लक्षण की स्थिति में विशेषज्ञ से परामर्श लेने की जरूरत है। चिकित्सकों ने आधुनिक तकनीकों, मरीजों की जरूरत के अनुसार उपचार और इलाज के दौरान जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने से जुड़े पहलुओं पर भी विचार साझा किए। सम्मेलन का उद्देश्य स्तन कैंसर के उपचार में नवीनतम चिकित्सा ज्ञान को बढ़ावा देना और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विशेषज्ञों के बीच समन्वय मजबूत करना रहा।