प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में सई नदी में डूबे तीन किशोरों की दर्दनाक मौत के मामले में सोमवार सुबह दो सगे भाइयों के शव बरामद कर लिए गए। करीब छह घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद स्थानीय गोताखोरों ने 16 वर्षीय कृष्णा सोनी और 13 वर्षीय अनुराग सोनी के शव नदी से बाहर निकाले। इससे पहले रविवार शाम उनके फुफेरे भाई अमित सोनी (17) का शव बरामद किया गया था। हादसे में तीनों किशोरों की मौत के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
यह दर्दनाक हादसा नगर कोतवाली क्षेत्र के खीरीबीर पुल के पास सई नदी में रविवार सुबह हुआ था। जानकारी के मुताबिक, अचलपुर निवासी रामजी सोनी जेवर साफ करने का काम करते हैं। रविवार सुबह बारिश के बीच उनके दोनों बेटे कृष्णा और अनुराग घर से दुकान जाने की बात कहकर निकले थे। रास्ते में उनका फुफेरा भाई अमित सोनी भी मिल गया। इसके बाद तीनों एक ही स्कूटी से करीब एक किलोमीटर दूर खीरीबीर पुल के पास सई नदी किनारे पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि तीनों किशोरों ने पहले नदी किनारे अपनी स्कूटी धोई और इसके बाद नहाने के लिए नदी में उतर गए। बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और पानी का बहाव भी काफी तेज था। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। स्थानीय लोगों के अनुसार, सबसे पहले अमित सोनी नदी में डूबा। उसे बचाने के प्रयास में कृष्णा और अनुराग भी पानी में उतर गए, लेकिन तेज बहाव के कारण वे भी हादसे का शिकार हो गए। नदी के दूसरे किनारे पर मौजूद कुछ मछुआरों ने तीनों को डूबते हुए देखा, लेकिन बारिश और तेज धारा के कारण वे तत्काल मदद के लिए नदी में नहीं उतर सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने भी रविवार को नदी में तलाश अभियान चलाया। रविवार शाम अंधेरा होने के बाद एसडीआरएफ ने अभियान रोक दिया, लेकिन स्थानीय गोताखोर लगातार दोनों भाइयों की तलाश में जुटे रहे। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार सुबह लगभग पांच बजे कृष्णा और अनुराग के शव बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे अचलपुर गांव में शोक का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के दौरान पुलिस और गोताखोरों को नदी से एक सोने के जेवरों से भरी पोटली भी मिली थी। पोटली में करीब 30 ग्राम सोना और एक हजार रुपये नकद मिले हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सोने की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि यह पोटली किसकी है। मृतक अमित सोनी हाईस्कूल का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता राजू सोनी सर्राफा कारोबारी हैं। वहीं कृष्णा और अनुराग दोनों सगे भाई थे। अनुराग कक्षा सातवीं और कृष्णा कक्षा छठवीं में पढ़ते थे। दोनों तीन भाइयों और एक बहन में शामिल थे।
परिजनों के मुताबिक, तीनों किशोर अक्सर सई नदी के पास घूमने या नहाने चले जाते थे। रविवार को भी वे बाबागंज जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन परिवार को जानकारी नहीं थी कि वे नदी किनारे पहुंच गए हैं। बाद में हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदियों और तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
