मुंबई। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की खराब हालत लगातार चर्चा में है और इस बार टीम की मुश्किलों का बड़ा कारण बने हैं स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव। ‘मिस्टर 360 डिग्री’ के नाम से मशहूर सूर्या इस सीजन अपने पुराने रंग में नजर नहीं आ रहे हैं और लगातार फ्लॉप प्रदर्शन के चलते टीम पर दबाव बढ़ता जा रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए 33वें मुकाबले में मुंबई को 103 रनों की बड़ी हार झेलनी पड़ी। 208 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी टीम सिर्फ 104 रन पर सिमट गई। इस मैच में सूर्यकुमार यादव ने 35 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत की राह पर नहीं ला सके। इससे पहले भी कई मैचों में उनकी पारियां टीम की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी हैं।

इस सीजन में सूर्या 7 मैचों में केवल 156 रन ही बना पाए हैं, जबकि उनका औसत भी काफी नीचे गिरकर 22.28 रह गया है। उनकी इस खराब फॉर्म का असर सीधे मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन पर पड़ा है, जो अंक तालिका में 8वें स्थान पर संघर्ष कर रही है। फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञ मान रहे हैं कि टीम को जब भी बड़े स्कोर की जरूरत होती है, सूर्या उस मौके पर नाकाम साबित हो रहे हैं। यही वजह है कि उन्हें इस सीजन टीम की हार का बड़ा कारण माना जा रहा है। हालांकि उनके पिछले रिकॉर्ड शानदार रहे हैं, लेकिन मौजूदा फॉर्म ने मुंबई की प्लेऑफ उम्मीदों को खतरे में डाल दिया है। अगर जल्द ही उनका बल्ला नहीं चला, तो MI की राह बेहद मुश्किल हो सकती है।
