अमलीडीह में लाखों की चोरी का खुलासा: शातिर चोर समेत 4 गिरफ्तार, 7.71 लाख का माल बरामद

Follow Us

रायपुर। राजधानी के अमलीडीह क्षेत्र में एक घर में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर चोर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और नगदी सहित करीब 7.71 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को बीएसयूपी कॉलोनी, अमृत होम अमलीडीह निवासी बिस्वम्बर महानंद घर में ताला लगाकर पंडरी गए थे। दोपहर करीब 2 बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के पीछे के दरवाजे से घुसकर अज्ञात चोरों ने आलमारी और उसके लॉकर तोड़ दिए थे तथा सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली थी। मामले में थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेंद्र नगर की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण किया और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान सूचना मिली कि आदतन चोर पवन मंडल घटना के समय संदिग्ध अवस्था में घटनास्थल के आसपास देखा गया था।

पुलिस ने पवन मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने तीन विधि के साथ संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर तीनों नाबालिगों को भी पकड़ा गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी किए गए सोने के जेवरातों को गलवा दिया गया था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 50 ग्राम गलाया हुआ सोना, चांदी के जेवरात और नगदी सहित कुल लगभग 7.71 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी पवन मंडल (35) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कचना, थाना खम्हारडीह, रायपुर का रहने वाला है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है। तीनों अन्य आरोपी विधि के साथ संघर्षरत बालक हैं।