पुरानी बस्ती के ज्वेलर्स में चोरी का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, 4.50 लाख जप्त

Follow Us

रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर में न्यू नंदी ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपी संजय चौहान, होरी लाल पंकज और विधि से संघर्षरत एक बालक सहित 3 को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 4.50 लाख रुपये के चांदी के जेवरात और घटना में प्रयुक्त मेस्ट्रो वाहन जब्त किया गया है।
प्रार्थी अजय मंडल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 अगस्त की रात 8:30 बजे वह मलसाय तालाब के पास कुशालपुर स्थित अपनी दुकान बंद कर गया था। 1 सितंबर सुबह 11 बजे खोलने पर शटर का ताला टूटा मिला और दुकान से करीब 4 लाख रुपये के चांदी के जेवरात, सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास चोरी हो गए थे। रिपोर्ट पर थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 460/26 धारा 331(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देश पर टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। मुखबिर से सूचना मिली कि कबीर नगर निवासी संजय चौहान को घटना की रात घटनास्थल के पास संदिग्ध अवस्था में देखा गया था।

पूछताछ में संजय ने साथी के साथ चोरी करना कबूल किया और बताया कि कुछ जेवरात खपाने के लिए होरी लाल पंकज को दिए थे। इसके बाद होरी लाल और एक बालक को भी पकड़ा गया।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड:
– संजय चौहान शातिर चोर है, जो थाना डीडी नगर, कोतवाली, गुढ़ियारी सहित अन्य थानों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामलों में जेल जा चुका है।
– होरी लाल पंकज के खिलाफ थाना सरस्वती नगर में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है, जिसमें वह फरार था।

गिरफ्तार आरोपी:
1. संजय चौहान (30) पिता संतोष चौहान, सुलभ के पास बीएसयूपी कॉलोनी कबीर नगर
2. होरी लाल पंकज (36) पिता ललित राम पंकज, एलआईजी 1419 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सड्डू
3. विधि के साथ संघर्षरत एक बालक