छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम में अनुकंपा नियुक्ति का रास्ता साफ, तीन आश्रितों को मिलेगा लाभ

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम के संचालक मंडल ने सेवाकाल के दौरान निधन हुए निगम कर्मियों के पात्र आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने का निर्णय लिया है। इससे तीन पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति का लाभ मिलेगा। निगम के संचालक मंडल की 97वीं बैठक गुरुवार को अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित मुख्यालय में हुई।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निगम के आय-व्यय से संबंधित 15,116.82 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट को मंजूरी दी गई। बैठक में निगम के करीब 800 कर्मचारियों के सातवें वेतनमान के तहत महंगाई भत्ते में हुई वृद्धि से संचालक मंडल को अवगत कराया गया। साथ ही 105 दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को वर्ष 2023-24 और 2024-25 का बोनस देने की स्वीकृति के लिए वित्त विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया।

निक्सी के माध्यम से नियोजित 109 सहायक कम्प्यूटर प्रोग्रामरों के वेतन में वृद्धि के लिए राज्य शासन को पत्र भेजने का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा वित्त विभाग द्वारा यात्रा भत्ते के संबंध में जारी आदेश को निगम में यथावत लागू करने की मंजूरी दी गई। बैठक में निगम के प्रबंध संचालक भोसकर विलास संदिपान, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के विशेष सचिव जगदीश सोनकर, वित्त विभाग के उप सचिव सीताराम तिवारी और कृषि विभाग के उप सचिव मनोज मित्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।