बांध में डूबा ट्रक दो दिन बाद कड़ी मशक्कत से बाहर निकाला गया

Follow Us

बलरामपुर । कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम कोदवा में शनिवार रात हादसे के बाद कोदवा बांध में डूबे ट्रक को दो दिन बाद कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया गया। करीब 30 फीट गहरे पानी में डूबे ट्रक को निकालने के लिए दो हाइड्रा क्रेन की मदद ली गई। सोमवार सुबह करीब 7 बजे शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन दोपहर 12 बजे सफल हुआ। ट्रक को बाहर निकलते देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे ट्रक समरी माइंस में बॉक्साइट लोड करने जा रहा था। इसी दौरान कोदवा बांध के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर बांध में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक करीब 30 फीट गहरे पानी में पूरी तरह डूब गया।
गनीमत रही कि ट्रक चालक को तैरना आता था। चालक किसी तरह तैरकर बांध से बाहर निकला और अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि ट्रक टाटीझरिया निवासी महेंद्र यादव का है।

हादसे के बाद ट्रक को बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। सोमवार सुबह दो हाइड्रा क्रेन मौके पर पहुंचीं और ट्रक को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12 बजे ट्रक को पानी से बाहर निकाल लिया गया। ट्रक के बाहर आते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पानी में दो दिन तक डूबे रहने के कारण ट्रक की हालत काफी खराब हो गई है और वह सड़क पर चलने की स्थिति में नहीं बचा है।