कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक पति-पत्नी का शव उनके ही घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। इस घटना के बाद पूरे जंगलपुर गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पांडातराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

दरअसल,यह मामला पांडातराई थाना क्षेत्र के जंगलपुर गांव का है, जहां मृतकों की पहचान रामलाल चंद्रवंशी और रीना चंद्रवंशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, दोनों ने करीब चार साल पहले घर से भागकर विवाह किया था और तभी से साथ रह रहे थे।स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार को जब घर का दरवाजा लंबे समय तक नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। इसके बाद अंदर झांकने पर दोनों का शव फंदे से लटका मिला। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई के बाद पीएम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना से गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
