रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राजनांदगांव में गेल (इंडिया) लिमिटेड का प्रस्तावित गैस आधारित उर्वरक संयंत्र क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके रायपुर स्थित निवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रस्तावित गैस आधारित उर्वरक संयंत्र , इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 और प्रदेश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित उर्वरक संयंत्र राजनांदगांव के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगा। इससे सहायक उद्योगों और व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ राजनांदगांव एवं आसपास के क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और निवेश को प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
नई संभावनाओं वाले उद्योगों के विस्तार के साथ आधुनिक तकनीक और उच्च मूल्य आधारित विनिर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आधुनिक विनिर्माण के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं और निवेश की नई संभावनाएं बनी हैं।उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में आने वाला निवेश स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, क्षेत्रीय विकास और आर्थिक समृद्धि का माध्यम बने।
