ईरान में शांति दूत बनकर पहुंचे थे पाकिस्तानी गृह मंत्री, तभी इजराइल-तेहरान में शुरू हो गई बमबारी

Follow Us

इस्लामाबाद/तेहरान। मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता की कोशिश कर रहे पाकिस्तान को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारी फजीहत का सामना करना पड़ा है। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी रविवार को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाकिस्तानी सेना प्रमुख का एक ‘स्पेशल लेटर’ लेकर विशेष शांति वार्ता के लिए तेहरान पहुंचे थे। इस दौरे का मकसद अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव को कम कराना था। लेकिन पाकिस्तानी गृह मंत्री की इस शांति वार्ता के बीच ही ईरान और इजराइल के बीच महायुद्ध छिड़ गया और पाकिस्तान का स्पेशल लेटर धरा का धरा रह गया।

रविवार रात जहाँ ईरान ने इजराइल पर ताबड़तोड़ मिसाइलें दाग दीं, वहीं सोमवार तड़के इजराइल ने भी तेहरान समेत कई ईरानी शहरों पर भीषण जवाबी बमबारी कर दी। इस अचानक भड़के युद्ध से वैश्विक मंच पर पाकिस्तान की कोशिशों पर पानी फिर गया है। यह पहला मौका नहीं है जब पाकिस्तान को इस तरह मुंह की खानी पड़ी हो; इससे पहले भी दो बार अमेरिका-ईरान के बीच मध्यस्थ बनने की उसकी कोशिशें पूरी तरह नाकाम साबित हुई हैं। ताजा हमलों के बाद यह साफ हो गया है कि पाकिस्तान की शांति अपील को नजरअंदाज कर दोनों देश अब एक-दूसरे पर बेहद आक्रामक हो चुके हैं।