धमतरी/नगरी। नगरी तहसील कार्यालय में रोजाना सरकारी कार्यों के लिए पहुंचने वाले ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आदिवासी कांग्रेस ने कार्यालय परिसर में पेयजल, स्वच्छ शौचालय और व्यवस्थित पार्किंग जैसी सुविधाओं की कमी को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।
आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष मनोज साक्षी ने कहा कि दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोग घंटों तक तहसीलदार, नायब तहसीलदार और एसडीएम कार्यालय में अपने कार्यों के लिए इंतजार करते हैं, लेकिन परिसर में न तो पीने के पानी की समुचित व्यवस्था है और न ही आरओ या वॉटर कूलर उपलब्ध है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय नहीं हैं, जबकि मौजूद मूत्रालय भी साफ-सफाई और पानी के अभाव में उपयोग के लायक नहीं है।
इसके अलावा, अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लोगों को आने-जाने में भी कठिनाई होती है। मनोज साक्षी ने मांग की कि कार्यालय परिसर में नए शौचालय बनाए जाएं, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, पेयजल की व्यवस्था हो और पार्किंग को व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन करेगी।
