छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई जारी, रायपुर में साफ रहेगा आसमान; कुछ जगह हल्की बारिश के आसार

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 9 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि आने वाले दिनों में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।

रायपुर में गर्मी का असर बरकरार

बारिश की गतिविधियां कम होने के बाद राजधानी में दिन के समय गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 9 अक्टूबर को रायपुर में आसमान साफ रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। गुरुवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 34.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जगदलपुर में 33.6, माना एयरपोर्ट पर 33.4, पेंड्रारोड में 32.6, दुर्ग में 32.2 और अंबिकापुर में 31.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

कई इलाकों में बारिश, मानसून की वापसी आगे बढ़ी

बीते 24 घंटों में कुसमी में 5 सेंटीमीटर, चांदो में 3 सेंटीमीटर तथा लाभांडी, रामचंद्रपुर, बेलतरा और दुर्ग में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। केशकाल और मैनपाट में 1-1 सेंटीमीटर पानी दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 8 अक्टूबर को झारखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों के साथ महाराष्ट्र के शेष भागों, गोवा, कर्नाटक, तेलंगाना और ओडिशा के कुछ इलाकों से भी मानसून लौट गया। बिहार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण से लेकर तेलंगाना तक झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ से गुजरती द्रोणिका बनी हुई है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर भी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।