अंगदान और देहदान का संकल्प लेने वाले 75 नागरिकों का राज्यपाल ने किया सम्मान

Follow Us

रायपुर। लोक भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने एसओएस बालिका गृह, माना की बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर अंगदान एवं देहदान का संकल्प लेकर मानवता की सेवा का संदेश देने वाले 75 नागरिकों को सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने बालिका गृह की बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे समाज और देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। उन्होंने शिक्षा, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में भले ही इंटरनेट पर जानकारी तेजी से बदलती हो, लेकिन पुस्तकों में संचित ज्ञान लंबे समय तक मार्गदर्शन करता है। उन्होंने नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने और महान व्यक्तियों की जीवनियों से प्रेरणा लेने की सलाह दी। कार्यक्रम में राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर देते हुए कहा कि मानव, पशु और प्रकृति के बीच संतुलन आवश्यक है। उन्होंने वृक्षारोपण और जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया। अंगदान और देहदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि इससे कई जरूरतमंदों को नया जीवन मिल सकता है और चिकित्सा शिक्षा व शोध को भी लाभ मिलता है। कार्यक्रम में अंगदान एवं देहदान का संकल्प लेने वाले 75 नागरिकों के साथ रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह को भी सम्मानित किया गया।