जिला पंचायत सीईओ ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की, डिजिटल सर्वे और एग्रीस्टैक में तेजी के निर्देश

Follow Us

०डिजिटल क्रॉप सर्वे और एग्रीस्टैक पंजीयन में प्रगति लाने के दिए निर्देश

कोण्डागांव। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। सीईओ ने अधिकारियों को डिजिटल क्रॉप सर्वे और एग्रीस्टैक पंजीयन का काम तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

अविनाश भोई ने बस्तर मुन्ने पोर्टल पर शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की पूरी जानकारी दर्ज करने, सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने तथा समय-सीमा वाले प्रकरणों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने राजस्व विभाग के डिजिटल क्रॉप सर्वे की तहसीलवार स्थिति की समीक्षा करते हुए एसडीएम और तहसीलदारों को सर्वे कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को एग्रीस्टैक में सभी पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने और उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विद्युत विभाग को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पुनर्वासित परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की भी समीक्षा हुई। ग्राम पंचायतों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को नियमित रूप से अपने आवंटित गांवों का दौरा कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करने को कहा गया।

सीईओ ने सभी विभागों को योजना हितग्राहियों की शत-प्रतिशत केवाईसी पूरी कराने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें मिलने वाली राशि में किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान कार्ड और सेवासेतु सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।