रायपुर। राजधानी रायपुर के मल्टी लेवल पार्किंग की स्थिति बहुत ही दयनीय है। कलेक्टोरेट, जयस्तंभ चौक और जवाहर बाजार में स्थित तीन मल्टीलेवल पार्किंग भवनों में से कोई भी ठीक से काम नहीं कर रहा है। इन पार्किंग में गाड़ियों की तोड़फोड़ और चोरी की घटनाएं आम हो गई हैं। कलेक्टोरेट पार्किंग में चार सौ से अधिक कार और सौ से अधिक बाइक की क्षमता है, लेकिन यहां रोजाना गाड़ियों की तोड़फोड़ और चोरी होती है। जयस्तंभ चौक की पार्किंग में दो सौ से अधिक कार और तीन सौ दोपहिया वाहनों की क्षमता है। लेकिन यहां पास सिस्टम में गड़बड़ी के कारण एक पास पर कई गाड़ियां खड़ी हो रही हैं। जवाहर बाजार पार्किंग में ढाई सौ के करीब कार और चार सौ दोपहिया वाहनों की क्षमता है, लेकिन यहां रात में अंधेरा रहता है और कारोबारियों का कब्जा है। इन पार्किंग भवनों की खराब स्थिति के कारण लोग अपनी गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी कर रहे हैं। जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ रही है। नगर निगम ने इन पार्किंग भवनों की तस्वीर बदलने के लिए रिपोर्ट मांगी है और जल्द ही इनमें सुधार की उम्मीद है।
मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग तैयार
रायपुर में कारों को रखने के लिए महानगरों की तर्ज मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग तैयार की गई है। एक हफ्ते के अंदर इसे शुरू करने की प्लानिंग चल रही है। इनमें से एक नगर निगम मुख्यालय परिसर मे तैयार किया जा रहा है। इसकी लागत करीब 20 लाख रूपये है। दूसरा पंडरी महालक्ष्मी मार्केट के पास बनाया जा रहा है.। निगम मुख्यालय में बनने वाली पार्किंग में एक समय में 12 कारें पार्क हो सकेंगी। पार्किंग अब पूरी तरीके से बनकर तैयार है. मैकेनिकल पार्ट के तहत हाईड्रोलिक सिस्टम लगाया गया है. इसके बाद पार्किंग वाहनों को रखने के लिए तैयार हो गया है। जानकारी देते हुए रायपुर नगर निगम के अधीक्षक अभियंता इमरान खान ने बताया मैकेनाइज्ड पार्किंग बनकर पूरी तरह तैयार है। यह पहली पार्किंग नगर निगम परिसर में ही बनाई गई है। करीब 20 लाख रूपये की लागत से इसे तैयार किया गया है। इसमें अभी केवल नगर निगम की गाड़िया ही खड़ी होगी। एक हस्ते बाद इसे निगम को हैंडओवर कर दिया जाएगा। इसे जगह की बचत होगी। साथ ही गाड़िया भी सुरक्षित यहां खड़ी होगी।
