भारतीयों के लिए थाईलैंड ने फिर शुरू की Visa-Free Entry, अब 30 दिन बिना वीजा कर सकेंगे यात्रा

Follow Us

नई दिल्ली। थाईलैंड घूमने की योजना बना रहे भारतीयों के लिए राहत की खबर है। थाईलैंड सरकार ने भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए एक बार फिर वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा बहाल कर दी है। नए नियम के तहत भारतीय नागरिक अब 30 दिनों तक बिना वीजा के थाईलैंड में प्रवेश कर सकेंगे और वहां ठहर सकेंगे। इससे पहले थाईलैंड ने भारतीयों के लिए 60 दिनों की वीजा-फ्री एंट्री व्यवस्था समाप्त कर वीजा ऑन अराइवल की सुविधा लागू की थी, जिसके तहत अधिकतम 15 दिनों तक ही ठहरने की अनुमति थी। इस बदलाव के बाद भारतीय पर्यटकों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई, जिसका असर थाईलैंड के पर्यटन उद्योग पर पड़ा।

अब नए नियम के तहत भारत सहित 59 देशों के नागरिकों को 30 दिनों तक वीजा-फ्री प्रवेश मिलेगा। इसके साथ ही भारत उन देशों की सूची में शामिल हो गया है जिन्हें यह विशेष सुविधा दी गई है। यूरोपीय संघ के सभी 27 सदस्य देशों को भी 30 दिनों की वीजा-फ्री एंट्री का लाभ मिलेगा। नए नियम थाईलैंड के रॉयल गैजेट में प्रकाशित होने के 15 दिन बाद प्रभावी होंगे। हालांकि, जो यात्री इस नियम के लागू होने से पहले थाईलैंड पहुंच चुके हैं, उन पर पुराने नियम ही लागू होंगे और वे अधिकतम 15 दिनों तक ही रुक सकेंगे।

थाईलैंड सरकार का कहना है कि अधिकांश भारतीय पर्यटक वहां औसतन 7 से 8 दिन बिताते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए 60 दिनों के बजाय 30 दिनों की वीजा-फ्री अवधि तय की गई है, जिससे यात्रियों को पर्याप्त समय मिल सके और पर्यटन को भी बढ़ावा मिले। गौरतलब है कि मई 2026 में थाईलैंड ने भारत सहित 93 देशों के लिए 60 दिनों की वीजा-फ्री एंट्री समाप्त कर दी थी। इसके बाद भारतीयों के लिए वीजा ऑन अराइवल अनिवार्य हो गया था। नए फैसले से भारतीय पर्यटकों की संख्या में फिर बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।