जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमला, अनंतनाग के लाल चौक पर पुलिस कांस्टेबल शहीद; इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन जारी

Follow Us

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकियों ने पुलिस जवान को निशाना बनाकर हमला किया, जिसमें हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी शहीद हो गए। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और आतंकियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। जानकारी के मुताबिक, दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग स्थित लाल चौक इलाके में कोकेरनाग रोड पर गश्त के दौरान आतंकियों ने पुलिस हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

घायल जवान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। 35 वर्षीय शहीद हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी आईआर 3rd बटालियन में तैनात थे और बड़गाम जिले के बीरू इलाके के रहने वाले थे। घटना की जानकारी मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस और भारतीय सेना के अतिरिक्त जवान मौके पर पहुंचे। सुरक्षा बलों ने लाल चौक और आसपास के क्षेत्रों की घेराबंदी कर दी है। हमले में शामिल आतंकियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों की तलाश जारी है और जल्द ही हमले में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए कार्रवाई की जाएगी। वहीं, हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी की शहादत के बाद पुलिस विभाग और उनके पैतृक गांव में शोक की लहर है।